देहरादून/सहसपुर। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने इस सप्ताह अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिलाधिकारी आशीष चौहान के कड़े निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) विनोद कुमार के नेतृत्व में सहसपुर के खुशहालपुर और जस्सोवाला क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ बड़े पैमाने पर ध्वस्तिकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान सरकारी जमीनों पर अवैध रूप से बनाए गए 13 मकानों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया।
कुख्यात अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों के मकानों पर गिरी गाज
प्रशासन के अनुसार, जिन मकानों को ध्वस्त किया गया है, वहां रहने वाले लोग लंबे समय से गो-हत्या, नशा तस्करी और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे हैं। ध्वस्त किए गए ठिकानों में कई नामी हिस्ट्रीशीटरों के घर शामिल हैं:
- आमिर और सलमान: दोनों के खिलाफ 21-21 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
- फैज़ान: 19 गंभीर मामलों में नामजद।
- मोहसिन: 15 मुकदमों में वांछित व आरोपी।
- मेहराज और दिलशाद ‘मिर्ची’: दोनों के खिलाफ 8-8 मामले दर्ज।
- कौसर: क्षेत्र में ड्रग्स तस्करी का मुख्य आरोपी।
प्रशासन और पुलिस का कड़ा संदेश
क्षेत्राधिकारी (सीओ) सहसपुर अनुज कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दायरे में आए अधिकांश आरोपी पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर हैं और कई के खिलाफ पूर्व में गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जे और आपराधिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। इस तरह के अभियानों से न केवल सरकारी जमीन को मुक्त कराया गया है, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों और अपराधियों के नेटवर्क पर भी करारा प्रहार किया गया है। भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
