- गाडियों और आफिस में की तोड़फोड़
नीरज भाटिया, वीकली आई न्यूज़
सोनभद्र। ओबरा थानांतर्गत बिल्ली खनन क्षेत्र के रासपहरी स्थित एक क्रशर प्लांट पर गुरुवार देर रात हथियारबंद हमलावरों ने धावा बोलकर गाड़ियों सहित आफिस के अंदर घुसकर तोड़फोड़़ किया। हमलावर आफिस में रखा पैसा भी उठा ले गए। इस घटना के बाद पूरे खनन क्षेत्र में दहशत फैल गई।
घटना के बाद से खनन क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल है। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस ने तीन नामजद सहित लगभग आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ित क्रशर संचालक कृष्णा गुप्ता निवासी शिव नगर ओबरा के अनुसार रात लगभग साढ़े इग्यारह बजे गिट्टी कारोबार से जुड़े धीरू अपने सहयोगियों अजय और केशव यादव सहित आधा दर्जन लोगों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर प्लांट परिसर में पहुंचे। आरोप है कि आते ही उन्होंने कर्मचारियों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से अफरातफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। हमलावरों ने परिसर में खड़े वाहनों के शीशे व लाइटें भी तोड़ दिए तथा मशीनरी और अन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद वे आफिस में घुसकर टीवी सहित इलेक्ट्रॉनिक सामान व फर्नीचर को क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि कार्यालय में रखी नकदी और आवश्यक दस्तावेज भी अपने साथ ले गए।
बताया जा रहा है कि यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें हमलवारों की पहचान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। जाते समय हमलावरों ने संचालक और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाकर दबिष दी जा रही है। किसी भी कीमत पर अराजकता फैलाने वालों बख्शा नहीं जाएगा। प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीन नामजद सहित लगभग आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है, आरोपियों की तलाश की जा रही है।
