- अकबरुद्दीन ओवैसी ने कहा, तैयार हो जाओ योगी मैं आ रहा हूं यूपी
- बड़े ओवैसी रमजान के बाद यूपी आकर सियासी माहौल गरमाएंगे
प्रवीण द्विवेदी,वीकली आई न्यूज़
लखनऊ। बिहार और महाराष्ट्र की जीत के बाद ओवैसी ब्रदर्स का जोश हाई है। बड़े ओवैसी यानी एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने अब पश्चिम बंगाल और असम पर नजरें गड़ा दी हैं। वहीं छोटे यानी अकबरुद्दीन ओवैसी ने सीधे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को ही चैलेंज कर दिया है। छोटे ओवैसी ने कहा है कि योगी तैयार रहो, मैं यूपी आ रहा हूं। यानी दोनों भाई इस समय जोश में हैं। खबर है कि बड़े ओवैसी भी रमजान के बाद यूपी का दौरा शुरू करने वाले हैं।
जैसे-जैसे यूपी विधानसभा चुनाव की बेला नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। समर में ओवैसी की पार्टी भी पूरे दमखम के साथ उतरने जा रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने तो पहले ही ऐलान कर दिया है कि वे यहां की 200 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। और यदि ऐसा हुआ तो ये अखिलेश यादव के लिए खतरे की घंटी है। इसी के चलते तमाम मौलाना ओवैसी को समझाने और धमकाने में लगे हैं। चाहे महाराष्ट्र के मौलाना नदवी हों, चाचा-भतीजे अरशद और महमूद मदनी हों या फिर मौलाना जर्जिस अंसारी, सभी ओवैसी को रोकने के लिए मुसलमानों को एकता का पाठ पढ़ाने में लगे हैं। ऐसे में छोटे ओवैसी का ये ऐलान कि तैयार हो जाओ योगी, मैं आ रहा हूं यूपी, बड़ी बात है। ऐसे में योगी भी कुछ न कुछ जवाब तो देंगे ही, बस उनके जवाब का इंतजार है। कुल मिलाकर यूपी का सियासी माहौल खूब गरमाने वाला है। पार्टी के प्रदेश महासचिव मोहम्मद सलमान के अनुसार ओवैसी रमजान के बाद यूपी में दौरे शुरू करेंगे।
जहां तक बड़े ओवैसी यानी एआईएमआईएम चीफ का सवाल है तो वे अभी पश्चिम बंगाल, असम और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सर्मा में उलझे हैं। ओवैसी के टारगेट पर पश्चिम बंगाल, असम और यूपी हैं। चूंकि पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव इसी साल होने हैं, इसलिए उनका ध्यान अभी यूपी पर कम है। फिलहाल माहौल गरमाने का काम अकबरुद्दीन ओवैसी और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के जिम्मे है। अकबरुद्दीन ओवैसी ने तेलंगाना के निकाय चुनाव में प्रचार के दौरान यूपी और योगी का जिक्र कर दिया है। छोटे ओवैसी यानी 15 मिनट वाले अकबरुद्दीन ने कहा है कि ये मुल्क जितना भगवा वालों का है उतना ही टोपी वालों का भी है। इसलिए मैं योगी से कहना चाहता हूं कि तैयार हो जाओ योगी मैं यूपी आ रहा हूं। हम वहां भी कामयाबी का झंडा गाड़ेंगे।
इधर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने हम दो हमारे दो नारे के मुकाबले, हम दो हमारे दो दर्जन का नारा दिया है। उनका कहना है कि जितने आते हैं, आने दो। उन्होंने कहा कि हमारी आबादी नहीं बढ़ेगी तो हमारी सरकार नहीं बनेगी। यानी एआईएमआईएम पूरी शिद्दत से मैदान में डंटी है। और आने वाले समय में यूपी में सियासी माहौल हंगामेदार होने वाला है।
वैसे भी महाराष्ट्र निकाय चुनाव के प्रचार के दौरान पार्टी सदर असदुद्दीन ओवैसी ने संभल का जिक्र कर अपने इरादे साफ कर दिए हैं कि यूपी के चुनाव में उनकी प्रचार की लाइन हिंदू बनाम मुसलमान ही रहने वाली है। तब उन्होंने कहा था कि मुझे संभल की मस्जिद की स्थिति अच्छी नहीं दिख रही है। उसको बचाने के लिए हमें कुछ करना ही होगा, हम एक और मस्जिद कुर्बान नहीं होने दे सकते। इस बयान के साथ ओवैसी अपने चुनावी इरादे भी साफ कर दिए हैं कि वह न तो संभल की मस्जिद का जिक्र कम करेंगे और न ही राम मंदिर बनाम बाबरी मस्जिद के विवाद को दफन ही होने देंगे। मतलब देश के बाहर ओवैसी अगर एक भारतीय हैं तो देश के अंदर की राजनीति में वह एक मुस्लिम हैं।
