- एसआर ग्लोबल स्कूल ने मनाया अपना दसवां वार्षिक समारोह
- चार हजार छात्रों ने अपनी प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया
- लगभग 40 हजार की भीड़ का प्रबंधन भी काबिले तारीफ रहा
अभयानंद शुक्ल,वीकली आई न्यूज़
लखनऊ। शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल करने वाले एसआर ग्रुप के एस आर ग्लोबल स्कूल ने मंगलवार को अपना दसवां वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया। उड़ान2025 नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में राजधानी लखनऊ की नामचीन हस्तियां, छात्रों के परिजन और छात्र शामिल हुए। इस मौके पर चार हजार छात्रों ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को रंगीन, सुरमई और मनमोहन बना दिया।
इस आयोजन के बारे में बताते हुए ग्रुप के प्रमुख और सदस्य विधान परिषद पवन सिंह चौहान ने कहा कि पावन पर्व कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर एसआर ग्लोबल स्कूल ने सफलता, शिक्षा और संस्कारों की गौरवमयी यात्रा के 10 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इसी उपलक्ष्य में पूर्व के वर्षों की भांति इस वर्ष भी भव्य वार्षिक उत्सव “उड़ान 2025” का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर हजारों विद्यार्थियों, एसआर. परिवार के सदस्यों और अपार जनसमूह की उपस्थिति ने समारोह को अविस्मरणीय बना दिया।
श्री चौहान ने कहा कि “उड़ान 2025” ने स्कूल की उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों, नैतिक मूल्यों और छात्रों की सृजनात्मक प्रतिभा को नई दिशा प्रदान की। हम सभी ने इसके साथ ही इस एक दशक की अपनी इस गौरवपूर्ण यात्रा को भविष्य की बुनियाद मानते हुए इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। इस आयोजन की विशेषता उसका बेहतर संयोजन था। सब कुछ वेल प्लांड और व्यवस्थित था। लगभग 40000 लोगों की भीड़ पूरी तरह नियंत्रित तरीके से आयी और आयोजन का आनंद लेकर लौट भी गयी। यानी आयोजन, संयोजन, कार्यक्रम, अतिथियों और कार्यक्रम के लिहाज से यह सफल जुटान कहा जा सकता है।
