- यूपी पर्यटन ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाएगा
- इसी उद्देश्य से लखनऊ रेजीडेंसी परिसर में भव्य लाइट एंड साउंड शो का किया गया है शुभारंभ
- ये प्रस्तुति लखनऊ की समृद्ध धरोहर, खानपान बताने में निभाएगी भूमिका
अभयानंद शुक्ल, वीकली आई न्यूज़
लखनऊ। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक अब लाइट एंड साउंड शो के
माध्यम से न केवल रेजीडेंसी के इतिहास से परिचित होंगे, बल्कि उस दौर की संघर्ष गाथा और साहसिक घटनाओं को भी अनुभव कर सकेंगे। दर्शक उन नायकों से भी परिचित हो पाएंगे, जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी।
प्रदेश के पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ये शो प्रत्येक शाम 6 बजे से आयोजित हो रहा है। प्रारंभिक कुछ दिनों तक पर्यटक इसका निःशुल्क आनंद ले सकेंगे। इसके उपरांत इसका आंशिक शुल्क रखा जाएगा। ताकि रेजीडेंसी घूमने आने वाले अधिक से अधिक लोग इस शो का हिस्सा बन सकें।
पर्यटन विभाग का उद्देश्य रेजीडेंसी में आयोजित इस शो के माध्यम से हर आयु वर्ग के लोगों को इतिहास से जोड़़ना है। आगंतुक अपने परिवार के साथ इस शो का आनंद ले सकते हैं। ये कार्यक्रम विशेष रूप से बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक रहेगा। रेजीडेंसी की ऐतिहासिक इमारते 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की गवाही देती हैं। इसकी दीवारों पर आज भी गोलियों और तोप के गोलों के निशान उस बलिदान और वीरता की कहानी सुनाते हैं, जिसने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की नींव रखी थी।
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने इस अभिनव पहल के माध्यम से न केवल लखनऊ की ऐतिहासिक रेज़ीडेंसी को पुनर्जीवित किया है, बल्कि राज्य में सांस्कृतिक एवं विरासत पर्यटन को भी एक नई ऊर्जा और दिशा दी है।
ये लाइट एंड साउंड शो विभाग की उस दूरदर्शी सोच का प्रतीक है, जिसमें इतिहास के संरक्षण और पर्यटन संवर्धन को समान महत्व देते हुए दोनों को एक सूत्र में पिरोया गया है।
