- पूरे खनन क्षेत्र में छाया असुरक्षा का माहौल
- तीन टीमें बनाई गईं, पर नतीजा सिफर
नीरज भाटिया,वीकली आई न्यूज़
सोनभद्र। बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में स्थित गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड के क्रशर परिसर में व्यवसायी विष्णु हरि उपाध्याय की हत्या की गुत्थी दूसरे दिन भी पुलिस नहीं सुलझा सकी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे खनन क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शीघ्र खुलासे के लिए तीन विशेष जांच दल गठित किए हैं। ये टीमें घटना से जुड़े तथ्यों को खंगालने में जुटी हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ ही गुप्त सूचनाओं के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है। साथ ही पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का भी बारीकी से परीक्षण कर रही है। इसके अलावा घटनास्थल से जुड़े लोगों और मृतक के परिचितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मृतक के मोबाइल कॉल रिकार्ड, कारोबारी लेनदेन तथा निजी गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है। ताकि हत्या के पीछे की वजहों का पता लगाया जा सके।
घटना स्थल के प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और तत्काल जांच शुरू कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि मामले के हर पहलू पर गंभीरता से छानबीन की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
