नीरज भाटिया, वीकली आई न्यूज़
सोनभद्र। ओबरा थाना अंतर्गत बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र के बघमनवा इलाके में स्थित क्रषर प्लांट पर शनिवार की देर रात दिल दहला देने वाली घटना घटित होने से क्षेत्र में दहषत फैल गई है। अज्ञात बदमाशों द्वारा गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड क्रशर परिसर में घुसकर कार्यालय के बाहर सो रहे व्यवसाई की सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मौके से प्रिंटर, मानिटर और 60 हजार रुपये गायब थे। मृतक की पहचान 76 वर्षीय विष्णु हरी उपाध्याय निवासी बरजी गोपीगंज (भदोही) के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, एडीषनल एसपी अनिल कुमार मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि रविवार तड़के करीब चार बजे गिट्टी लोड कराने के लिए पहले से मौजूद ट्रक के खलासी संदीप पाल क्रशर परिसर का गेट खुलवाने के लिए संचालक को जगाने पहुंचा। कई बार आवाज देने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसने ट्रक चालक को बुलाया। चालक द्वारा भी जगाने का प्रयास विफल रहने पर दोनों ने क्रशर के मुंशी को मौके पर बुलाया। मुंशी ने टार्च की रोशनी में अंदर जाकर देखा तो विष्णु हरी उपाध्याय खून से लथपथ हालत में मृत पड़े थे। उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से किए गए हमले के निशान साफ दिखाई दे रहे थे।
घटना की जानकारी होते ही वहां मौजूद लोगों में सनसनी फैल गई और तुरंत परिजनों को सूचित किया गया। परिजन मौके पर पहुंचे और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा तथा अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की तह तक जाने के लिए जांच तेज कर दी है। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही क्रशर में कार्यरत कर्मचारियों एवं अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आला कत्ल से खून से सना पत्थर भी बरामद कर लिया है। मौके पर फोरेंसिक टीम भी जांच में जुट गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं। एसपी श्री वर्मा का दावा है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

