वीकली आई न्यूज़
आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर उत्तराखंड विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और प्रति व्यक्ति आय में भी काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखंड की स्थिति काफी बेहतर हुई है। राज्य की जीएसडीपी (GSDP) 1.9 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2.3 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जो 7.2% की वृद्धि दर्शाता है। प्रति व्यक्ति आय भी 1.94 लाख रुपये से बढ़कर 2.73 लाख रुपये हो गई है, जो 12.6% की वृद्धि है। इसको लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व विधायक काज़ी निजामुद्दीन ने आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के झूठे आंकड़े पेश कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। काज़ी निजामुद्दीन ने कहा कि सरकार आर्थिक सर्वेक्षण में प्रदेश की स्थिति बेहतर दिखाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उत्तराखंड में बेरोजगारी और अंडर एम्प्लॉयमेंट लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि देहरादून जैसे शहर में प्रदूषण का स्तर कई बार 300 से 400 तक पहुंच जाता है, ऐसे में सरकार पर्यावरण संरक्षण के बड़े-बड़े दावे कैसे कर रही है, यह समझ से परे है। काज़ी निजामुद्दीन ने कहा कि सरकार को आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट में सुधार करना चाहिए और जमीनी हकीकत को सामने रखना चाहिए।
