- गुप्तारघाट के पास बन रहे रामायण पार्क में स्थापित होगी
- 25 फुट ऊंची होगी दशानन लंकेश की प्रतिमा
अभयानंद शुक्ल,वीकली आई न्यूज़
लखनऊ। विश्व प्रसिद्ध रामनगरी अयोध्या में अब राक्षसराज दशानन रावण की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। नगर के गुप्तार घाट के पास निर्माणाधीन रामायण पार्क में यह प्रतिमा लगाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार रावण की प्रतिमा राम रावण युद्ध की मुद्रा में बनेगी। उल्लेखनीय है कि यूपी की योगी सरकार अयोध्या में भव्य रामायण पार्क का निर्माण करा रही है। यह पार्क राम लला के मंदिर से लगभग 13 किलोमीटर दूर गुप्तार घाट के पास बनाया जा रहा है।
गुप्तार घाट वही स्थान है जहां पर भगवान श्रीराम ने जल समाधि ली थी।
यह रामायण पार्क पूरी तरह रामायण की थीम पर आधारित होगा। इस पार्क में भगवान श्रीराम, दशानन रावण, राम भक्त हनुमान, वानर राज सुग्रीव, लंकेश विभीषण, वानर युवराज अंगद आदि की प्रतिमाओं लगाई जा रही हैं। इनके माध्यम से रामायण के प्रमुख प्रसंगों को भी जीवंत रूप दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार एक भव्य राम दरबार भी तैयार किया जा रहा है जो यहां का मुख्य आकर्षण होगा।
इस विशाल परियोजना का निर्माण कार्य लखनऊ की आर्ट्स विंग्स कंपनी द्वारा किया जा रहा है। यह निर्माण अयोध्या के धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देगा।
