- राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को मंजूरी देते हुए शासनादेश भी कर दिया जारी
- पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को इन भर्तियों के लिए दी गई एनरोलमेंट की जिम्मेदारी
प्रवीण द्विवेदी,वीकली आई न्यूज़
लखनऊ। नौकरी की तलाश कर रहे नौजवानों के एक अच्छी खबर आई है। उत्तर प्रदेश में 45 हजार से अधिक पदों पर होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती का मार्ग प्रशस्त हो गया है। राज्य की योगी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को औपचारिक मंजूरी देते हुए शासनादेश भी जारी कर दिया है। भर्ती से संबंधित गाइडलाइन को भी मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को इस भर्ती के लिए एनरोलमेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभिन्न जिलों से रिक्त पदों का प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद बोर्ड द्वारा एनरोलमेंट प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इसके उपरांत लिखित परीक्षा का आयोजन होगा।
प्रमुख सचिव (होमगार्ड) राजेश कुमार सिंह द्वारा जारी किए गए शासनादेश के अनुसार, होमगार्ड स्वयंसेवक के पद पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। भर्ती प्रक्रिया में पहले लिखित परीक्षा आयोजित होगी। उसके बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी। सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक मानक परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन तथा शारीरिक दक्षता परीक्षा से गुजरना होगा। इन सभी चरणों में सफल अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
