- यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने 30वें दीक्षांत समारोह में की घोषणा
- समारोह में 125 छात्रों को 140 स्वर्ण पदक और 1,89,119 डिग्रियां प्रदान की गईं
अभयानंद शुक्ल
लखनऊ। रामनगरी अयोध्या में स्थित राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने कहा कि वे इस संस्था को प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ बनाएंगी।
इस मौके पर उन्होंने मेधावी छात्रों को 140 गोल्ड मेडल प्रदान किए। इसके अलावा 1,89,119 डिग्रियां डीजी लॉकर में जोड़ी गईं।
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह सोमवार को भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस
समारोह में प्रदेश की राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। राज्यपाल के हाथों से डिग्री, अंकपत्र और स्वर्ण पदक पाकर मेधावी बहुत प्रसन्न दिखे। इस समारोह में 125 मेधावी छात्रों को 140 स्वर्ण पदक दिए गए और 1,89,119 डिग्रियां डीजी लॉकर में जोड़ी गईं।
इस मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए आनंदीबेन पटेल ने कहा कि वे अवध विश्वविद्यालय को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय बनाएंगी।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि दीक्षांत केवल डिग्री प्राप्त करने का नहीं, बल्कि संस्कार और नई शुरुआत का भी पर्व है। उन्होंने कहा कि असली चमक मेडल की नहीं बल्कि जीवन की होती है।
इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से नशे और ड्रग्स से दूर रहने की अपील भी की। उन्होंने इसे स्वास्थ्य और भविष्य के लिए घातक बताया। राज्यपाल ने महिलाओं व बेटियों के प्रति अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि कई बार तो लड़कियां अपने परिजनों से ही पीड़ित होती हैं।
समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किट वितरण भी राज्यपाल के हाथों से कराया गया। इसके अलावा इस मौके पर प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया।
