- प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीप पर्व की हुई शुरूआत
- 1151 लोगों की आरती का पिछले साल बना था विश्व रिकॉर्ड
अभयानंद शुक्ल, वीकली आई न्यूज़
लखनऊ। प्रभु श्रीराम की पावन जन्म भूमि अयोध्या में दिव्य दीपोत्सव की औपचारिक शुरुआत शनिवार को हो गई। और इसके साथ ही सरयू आरती का पिछले साल बना विश्व रिकॉर्ड भी टूट गया। धनतेरस के दिन इस बार सरयू तट पर 21 सौ लोगों ने संस्कृत के विद्यार्थियों एवं वंचित समाज के लोगों के साथ मां सरयू की आरती की। पिछले साल 1151 लोगों ने एक साथ आरती कर रेकार्ड बनाया था। यह नजारा अलौकिक तो था ही, अयोध्या की दिव्यता भी दर्शा रहा था। पिछले साल मोक्षदायनी सरयू मैया की सामूहिक आरती में 1151 लोगों ने शामिल होकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया था। इस बार 2100 का आंकड़ा पार करने का लक्ष्य रखा गया था।
सरयू आरती के दौरान वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज करने वाली टीम के सदस्य ड्रोन कैमरे के साथ मुस्तैद थे। इस आरती का आयोजन जिला प्रशासन एवं नगर निगम के सहयोग से वशिष्ठ फाउंडेशन ने किया था। इस दौरान महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह, एडीएम अनिरुद्ध सिंह, नगर निगम के अधिकारी, धर्मगुरु एवं अन्य संभ्रांत लोग मौजूद थे। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर भी उपस्थित थे।
धनतेरस के दिन 18 अक्टूबर की शाम 6 बजे हुए इस आयोजन में वशिष्ठ फाउंडेशन की सचिव श्रीमती राजलक्ष्मी तिवारी कि अहम भूमिका रही। उन्होंने बताया कि व्यवस्था की दृष्टि से आरती स्थल को 11 जोन में विभाजित किया गया था। नयाघाट से लक्ष्मण घाट की ओर विस्तारित आरती स्थल के प्रत्येक जोन में 200 प्रतिभागियों को खड़े होकर आरती करने की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने बताया कि इसमें सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाएं, संस्कृत के विद्यार्थी और वंचित समाज के प्रतिनिधि शामिल थे।
